राजधानी लखनऊ के कमांड अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला के कर्नल पति कोरोना वायरस की चपेट में आ गए

राजधानी लखनऊ के कमांड अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग महिला के कर्नल पति कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। उनकी जांच कमांड हॉस्पिटल में हुई थी। उन्हें गोमतीनगर के आवास में ही आइसोलेट किया गया। लखनऊ में अब तक 10 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। कनाडा से लखनऊ के गोमती नगर लौटी महिला डॉक्टर को लखनऊ में सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उन्हें 11 मार्च को केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी तबीयत ठीक हो गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। करीब 20 दिन बाद महिला डॉक्टर कि बुजुर्ग सास को कोरोना वायरस ने जकड़ लिया। उन्हें सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके 48 घंटे के भीतर उनके पति में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि उनके बेटे की भी जांच कराई जाएगी। लखनऊ में अब तक 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। छह लोगों का केजीएमयू में इलाज चल रहा है। लखीमपुर के एक मरीज का भी इलाज केजीएमयू में चल रहा है। इसके अलावा बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर का इलाज पीजीआई में चल रहा है।


मैगलगंज के मरीज की हालत में सुधार


कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या के बीच लखनऊ से अच्छी खबर आई है। एक और मरीज की जांच में वायरस की पुष्टि नहीं हुई। अंतिम जांच के लिए उसका नमूना लिया गया है। सुबह तक जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है। यदि इस जांच में भी वायरस नहीं मिलते हैं तो मरीज को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। 18 मार्च को लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी 50 वर्षीय पुरुष को कोरोना संक्रमण के बाद भर्ती कराया गया था। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ सुधीर सिंह ने बताया कि उसकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है सभी जांचें नेगेटिव आई है। अब उसका 12 घंटे बाद दोबारा सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। गुरुवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद मरीज को डिस्चार्ज किया जा सकता है।